चार आरोपी गिरफ्तार: आरोपियों के कब्जे 9 स्कूटी और 8 बाइक बरामद, ग्रीन बेल्ट में छिपाकर रखे थे चोरी के वाहन
गाजियाबाद। शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनमें 8 मोटरसाइकिल और 9 स्कूटी शामिल हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। आरोपियों ने कई अन्य वाहन चोरी की वारदातों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव के अनुसार वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक चोरी के वाहन लेकर क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वजीराबाद रोड स्थित डीएलएफ कट के पास घेराबंदी कर चार युवकों को एक चोरी की स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पास की ग्रीन बेल्ट में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखे गए 16 अन्य चोरी के वाहन भी बरामद कर लिए। इस तरह कुल 17 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय कुमार गुप्ता, यश शर्मा, मोहम्मद शाहदाब उर्फ राजा उर्फ ताऊ और मोहित जाटव के रूप में हुई है। सभी आरोपी गरिमा गार्डन क्षेत्र के निवासी हैं। मामले में गिरोह का एक अन्य सदस्य सैफू फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने साथी के साथ मिलकर गाजियाबाद और दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को एक स्थान पर इकट्ठा कर बड़े वाहनों में भरकर अन्य शहरों में बेचने की तैयारी की जाती थी। आरोपियों ने कई अन्य वाहन चोरी की वारदातों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में वाहन चोरी के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
Tags
गाजियाबाद