मदर डेयरी भ्रमण ने बढ़ाया बच्चों का व्यावहारिक ज्ञान

मदर डेयरी प्लांट के शैक्षणिक भ्रमण पर पहुंचे धरोहर परिषद के बच्चे, जाना दुग्ध उत्पादन का सफर


नई दिल्ली/इंदिरापुरम।
उत्तराखण्ड लोक भाषा साहित्य मंच, दिल्ली एवं डीपीएमआई द्वारा संचालित उत्तराखण्डी बोली-भाषा केंद्र  'धरोहर परिषद, इंदिरापुरम' के केंद्र प्रमुख, अध्यापकों, कार्यकारिणी सदस्यों, अभिभावकों एवं बच्चों ने पटपड़गंज स्थित मदर डेयरी प्लांट का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों ने दूध एवं दुग्ध उत्पादों के निर्माण, प्रसंस्करण और वितरण की आधुनिक प्रक्रिया को नजदीक से समझा। 
भ्रमण के दौरान मदर डेयरी के अधिकारियों ने बच्चों को बताया कि वर्ष 1974 से मदर डेयरी देश के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से दूध एकत्र कर आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक मानकों के माध्यम से उपभोक्ताओं तक पहुंचा रही है। बच्चों ने खेल-खेल में दूध की गुणवत्ता जांच, पैकेजिंग और वितरण व्यवस्था के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। शैक्षणिक भ्रमण को और भी रोचक बनाने के लिए बच्चों एवं अभिभावकों को ठंडा मीठा दूध तथा विभिन्न स्वादों वाली आइसक्रीम उपलब्ध कराई गई, जिसका सभी ने भरपूर आनंद लिया। मदर डेयरी प्रबंधन की ओर से सभी प्रतिभागियों को जूट बैग, स्केल, पेंसिल, शार्पनर एवं की-रिंग जैसे उपयोगी उपहार भी प्रदान किए गए। 
इस अवसर पर अभिभावकों और बच्चों ने भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं मनोरंजक बताया तथा मदर डेयरी प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें उद्योगों की कार्यप्रणाली समझने का अवसर भी प्रदान करते हैं। कार्यक्रम के अंत में धरोहर परिषद परिवार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर जनसेवा के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने