एनडीआरएफ ने लगाए 2000 पौधे, दिया संरक्षण का संदेश

 विश्व पर्यावरण दिवस पर एनडीआरएफ की 8वीं वाहिनी में वृहद पौधारोपण अभियान


गाजियाबाद।
विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 8वीं वाहिनी, गाजियाबाद परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृहद पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के लगभग 2000 फलदार एवं छायादार पौधे रोपे गए। 
अभियान का शुभारंभ एनडीआरएफ के महानिदेशक पीयूष आनंद, आईपीएस ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर एनडीआरएफ के महानिरीक्षक एन.एस. बुंदेला, आईपीएस, उप महानिरीक्षक (वेस्ट सेंट्रल जोन) मोहसिन शाहेदी, सुदेश कुमार, कमांडेंट, 8वीं वाहिनी, सहित वाहिनी के अधिकारी, रेस्क्यूअर्स एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पौधारोपण अभियान के तहत 8वीं वाहिनी गाजियाबाद तथा विभिन्न आरआरसी (RRCs) में लगभग 2000 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
अपने संबोधन में महानिदेशक पीयूष आनंद ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज वैश्विक आवश्यकता बन चुका है। वृक्षारोपण जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी से अधिकाधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं रेस्क्यूअर्स ने पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन तथा स्वच्छ एवं हरित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प भी लिया।
एनडीआरएफ द्वारा आपदा प्रबंधन के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी जन-जागरूकता अभियानों में भी लगातार सक्रिय भूमिका निभाई जा रही है। इसी क्रम में आयोजित यह पौधारोपण अभियान सतत विकास एवं पर्यावरणीय संतुलन के प्रति बल की प्रतिबद्धता का प्रतीक बना। "एक पेड़-एक जीवन, हरित पर्यावरण-सुरक्षित भविष्य" के संदेश के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने