दम घुटने से तीन पालतू कुत्तों की मौत, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राहुल पाल सिंह ने बताया कि 2 जून को रात्रि लगभग 3:09 बजे कोतवाली घंटाघर को सूचना प्राप्त हुई कि अवंतिका-2 सोसाइटी के थर्ड फ्लोर पर फ्लैट नंबर 202 में भीषण आग लगी हुई है तथा कुछ लोग अंदर फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही तत्काल दो फायर टेंडर और स्थानीय पुलिस स्टाफ मौके पर रवाना किए गए। अवंतिका चौकी का पूरा स्टाफ भी घटनास्थल पर पहुंचा। पहुंचकर देखा गया कि फ्लैट के अंदर लोग फंसे हुए थे। फ्लैट निवासी पवन शर्मा (52 वर्ष), उनकी पत्नी (46 वर्ष), पुत्र (20 वर्ष) और पुत्री (18 वर्ष) धुएं से घिरी बालकनी में मदद का इंतजार कर रहे थे। टीम ने तुरंत नीचे से मुख्य गेट तोड़ा, आग पर काबू पाया और लैडर की मदद से सभी फंसे हुए व्यक्तियों को सुरक्षित रूप से नीचे उतारा गया। उन्होंने आगे कहा कि आग पर काबू पाने के बाद घर को जब चेक किया गया तो पता चला कि तीन पालतू डॉग धुएं लगने के कारण अपनी जान गंवा चुके थे। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। आगे की जांच एवं कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Tags
गाजियाबाद
