63 मामलों में जब्त 16,378 किलोग्राम नशीले पदार्थों का निस्तारण, कोडीन युक्त कफ सिरप की सबसे बड़ी खेप नष्ट
गाजियाबाद। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए "ऑपरेशन दहन" के अंतर्गत विभिन्न थानों के मालखानों में वर्षों से सुरक्षित रखे गए भारी मात्रा में नशीले पदार्थों का निस्तारण किया। अभियान के तहत कुल 63 मामलों में जब्त 16,378 किलोग्राम मादक पदार्थों को विधिवत नष्ट किया गया, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20.61 करोड़ रुपये आंकी गई है।एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों में गांजा, चरस, डोडा, स्मैक, हीरोइन, अफीम, नशीला पाउडर तथा कोडीन युक्त कफ सिरप शामिल थे। सबसे बड़ी कार्रवाई थाना नंदग्राम के मालखाने में रखे लगभग 15,725 लीटर कोडीन युक्त नशीले कफ सिरप के निस्तारण की रही। नगर जोन में 334 किलोग्राम गांजा, 39 किलोग्राम डोडा, 615 ग्राम स्मैक तथा 509 ग्राम नशीली गोलियों को नष्ट किया गया। वहीं ग्रामीण जोन में 221 किलोग्राम गांजा नष्ट किया गया। ट्रांसहिंडन जोन में 11 किलोग्राम गांजा, 28 किलोग्राम डोडा, 2.2 किलोग्राम चरस, 610 ग्राम नशीला पाउडर तथा नशीली गोलियों का निस्तारण किया गया। पुलिस ने बताया कि 4.26 किलोग्राम अफीम को नष्ट करने के बजाय सरकारी अफीम एवं क्षारोद कारखाना, गाजीपुर भेजा जा रहा है, जहां इसका उपयोग औषधियों के निर्माण में किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार नशीले पदार्थों के निस्तारण की पूरी प्रक्रिया न्यायालय की अनुमति, विभागीय स्वीकृति तथा स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों से प्राप्त अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) के बाद निर्धारित नियमों के तहत संपन्न कराई गई। गाजियाबाद पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी।
Tags
गाजियाबाद