साहिबाबाद पुलिस के शिकंजे में फंसे मेरठ के शातिर चोर
गाजियाबाद। थाना साहिबाबाद पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए चोरी की गई टोयोटा फॉर्च्यूनर कार बरामद कर ली है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की फॉर्च्यूनर के अलावा दो फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, 9 जून को राजेंद्र नगर निवासी आदित्य मिहिर ने थाना साहिबाबाद में शिकायत दर्ज कराई थी कि रात करीब 3 बजे उनके घर के सामने खड़ी सफेद रंग की टोयोटा फॉर्च्यूनर (UP14GE7707) चोरी हो गई। चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले घर के सामने लगे दो सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त कर दिए थे। सुबह करीब 8:15 बजे वाहन चोरी होने की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना साहिबाबाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने महज 24 घंटे के भीतर चोरी की गई कार बरामद कर ली और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बुधवार 10 जून को रोटरी गोल चक्कर के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिनकी पहचान शहबाज मिर्जा (उम्र 30 वर्ष) पुत्र जावेद मिर्जा और शाहवेज उर्फ शाकेब (उम्र 32 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों बागपत गेट मेरठ के रहने वाले हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक संगठित वाहन चोरी गिरोह है, जिसका संचालन उनका साथी नदीम करता है। गिरोह विभिन्न राज्यों से मांग के अनुसार महंगी गाड़ियों की चोरी करता है। चोरी के बाद वाहन के इंजन नंबर, चेसिस नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर बदलकर उसकी डेंटिंग-पेंटिंग कराई जाती है और फिर दूसरे राज्यों में बेच दिया जाता है। आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और गुरुग्राम जैसे क्षेत्रों से वाहन चोरी करते थे। चोरी की गई गाड़ियों को मुख्य रूप से महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तर-पूर्वी राज्यों में बेचा जाता था। बिक्री से प्राप्त रकम गिरोह के सदस्य आपस में बराबर बांट लेते थे।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से चुराते थे गाड़ियां: पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले सुनसान और अंधेरे स्थानों पर खड़ी महंगी गाड़ियों को चिन्हित करते थे। इसके बाद रात के समय इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से वाहन का लॉक खोलकर नई चाबी तैयार कर लेते थे और वाहन चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की गई टोयोटा फॉर्च्यूनर, दो फर्जी नंबर प्लेट बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध थाना साहिबाबाद में वाहन चोरी का एक मुकदमा दर्ज है। इनके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद

