गाजियाबाद पुलिस की गोली का निशाना बने स्नेचर, सुनार भी दबोचा

मॉर्निंग वॉक करने वालों से स्नेचिंग करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, दो पुलिस मुठभेड़ में घायल


गाजियाबाद।
 
गाजियाबाद। स्वाट टीम नगर जोन और सिहानीगेट थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं से चेन और मंगलसूत्र लूटने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों बदमाश मुठभेड़ में घायल हुए हैं। इनके एक साथी सुनार को भी गिरफ्तार किया गया है, जो लूटे गए आभूषणों को गलाकर बेचने का काम करता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, लूटे गए मंगलसूत्र और चेन को गलाकर बनाए गए सोने के टुकड़े, घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल तथा नकदी बरामद की है।
नंदग्राम एसीपी जियाउद्दीन अहमद के अनुसार, 3 जून को स्वाट टीम और सिहानीगेट थाना पुलिस हमदर्द चौराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लोहियानगर क्षेत्र में महिलाओं से मंगलसूत्र छीनने वाले बदमाश लूट के सोने को बेचने के लिए हमदर्द ग्राउंड में एक सुनार से मिलने आने वाले हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। मौके पर मौजूद तीन संदिग्धों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइक फिसल गई, जिसके बाद दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए और गिरफ्तार कर लिए गए, जबकि तीसरे आरोपी को मौके से ही दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेरठ के थाना किठौर क्षेत्र के ग्राम बोनरा निवासी आमिर पुत्र मीन खान उर्फ मोमीन और थाना सरधना क्षेत्र के ग्राम लिटकरी निवासी संजय सैनी उर्फ शिव पुत्र मंगत सैनी के रूप में हुई है। तीसरे आरोपी मोनू वर्मा पुत्र राकेश वर्मा निवासी होली चौक, किठौर (मेरठ) पेशे से सुनार है।
तीन लूट की घटनाओं का खुलासा: पूछताछ में आरोपियों ने सिहानीगेट, कविनगर और मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्रों में महिलाओं के गले से चेन और मंगलसूत्र लूटने की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस के मुताबिक, लूटे गए आभूषणों को मोनू वर्मा के माध्यम से गलाकर सोने के टुकड़ों में बदल दिया जाता था, जिन्हें बाद में बेचने की तैयारी थी।
पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से सिहानीगेट, कविनगर और मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्रों में दर्ज तीन लूट की घटनाओं का खुलासा हुआ है। साथ ही इनके खिलाफ मेरठ समेत अन्य जनपदों में चोरी और लूट के कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।
गिरफ्त में आए बदमाशों के पास से 2 अवैध तमंचे, 4 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस, गलाए गए सोने के टुकड़े, अपाचे मोटरसाइकिल,  4500 रुपये नकद, सोना तौलने की इलेक्ट्रॉनिक कांटा मशीन बरामद की गई है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने