हापुड़ के बागड़पुर गांव में एसडीएम के निर्देश पर भूमि से हटाया गया अवैध कब्जा

राजस्व और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, कब्धाजारियों को दी चेतावनी


गढ़मुक्तेश्वर/हापुड़।
उप जिलाधिकारी राम यादव के निर्देश पर मंगलवार को ग्राम बागड़पुर स्थित सरकारी अभिलेखों में दर्ज भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भूमि को कब्जामुक्त कराया। प्रशासन ने संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी भी दी है।जानकारी के अनुसार ग्राम बागड़पुर में खसरा संख्या 1342 ख, रकबा 0.1500 हेक्टेयर भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत उप जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की गई थी। शिकायतकर्ताओं ने भूमि की पैमाइश कराकर निष्पक्ष निस्तारण एवं कब्जा हटाने की मांग की थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी राम यादव ने विशेष राजस्व टीम का गठन किया। टीम में राजस्व निरीक्षक राजीव चौधरी, लेखपाल गौरव चौधरी तथा लेखपाल मोहम्मद रियाजु उर्फ राजू को शामिल किया गया। वहीं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए गढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट को पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए निर्देशों के अनुपालन में मंगलवार सुबह राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और भूमि का निरीक्षण करने के बाद अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में भूमि को कब्जामुक्त करा दिया गया।
बताया गया कि इससे पूर्व समाधान दिवस के बाद लेखपाल मोहम्मद रियाजु उर्फ राजू द्वारा भूमि की पैमाइश की जा चुकी थी। पैमाइश के आधार पर भूमि स्वामी जगदीश सिंह और संजय बंसल ने अपनी भूमि पर प्रीमिक्स बाउंड्री वॉल का निर्माण भी कराया था। इसके बावजूद आरोप है कि मलखान, रोहित, राहुल और बिसम्बर सहित कुछ लोगों ने दोबारा भूमि पर कब्जा कर लिया था। भूमि स्वामियों का कहना था कि विरोध करने पर विवाद और झगड़े की स्थिति उत्पन्न की जाती थी। लगातार हो रही परेशानी के बाद भूमि स्वामियों ने उप जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की थी। शिकायत के आधार पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम गठित की और मौके पर पहुंचकर कब्जा हटवाया।
कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाओं और पुरुषों ने विरोध जताया, लेकिन अधिकारियों ने उन्हें राजस्व अभिलेखों एवं उप जिलाधिकारी के आदेश की जानकारी देकर समझाया। इसके बाद स्थिति सामान्य हो गई और कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई। कार्रवाई के उपरांत अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा भूमि पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया गया तो संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है। वहीं भूमि स्वामियों ने प्रशासन की कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए आभार जताया।


ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने