मारपीट का बदला लेने के लिए रची साजिश, युवक को गोली मारने वाले 3 गिरफ्तार

तरुण पर फायरिंग करने का नंदग्राम पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा, पिस्टल और बाइक बरामद

गाजियाबाद।
थाना नंदग्राम पुलिस ने युवक पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 32 बोर की पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 19 जून को नंदग्राम निवासी तरुण ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आकाश त्यागी समेत पांच नामजद और कुछ अज्ञात लोगों ने उस पर जानलेवा हमला करते हुए गोली चला दी थी। फायरिंग में तरुण के हाथ में गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने आरोपियों पर लगातार जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर थाना नंदग्राम में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया। शनिवार को चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में वांछित आरोपी बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार होकर मोहन नगर रोड की ओर आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने बैरियर लगाकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश त्यागी (19), निवासी भवानी एन्क्लेव अटौर, सागर पंडित (20), निवासी न्यू आर्य नगर और राहुल शर्मा (26), निवासी सेवा नगर, नंदग्राम के रूप में हुई है। पुलिस ने राहुल शर्मा के कब्जे से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीन दिन पहले तरुण और सागर पंडित के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें सागर को चोटें आई थीं। इसी रंजिश के चलते 19 जून को तरुण को अनलिमिटेड होटल पर बातचीत के बहाने बुलाया गया। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और राहुल शर्मा ने पिस्टल से गोली चला दी। गोली लगने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सागर पंडित के खिलाफ पहले से हत्या, एससी-एसटी एक्ट और मारपीट सहित तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने