ट्रांसपोर्टर जीवन किशोर हत्याकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी दबोचे
ग्रेटर नोएडा। बादलपुर थाना पुलिस ने ट्रांसपोर्टर जीवन किशोर हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार रात हुई इस कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
सेंट्रल नोएडा के अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) स्वतंत्र सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री के पास एनटीपीसी कट पर कुछ संदिग्ध व्यक्ति आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने के दौरान उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई। खुद को घिरा देखकर दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों के पैर में गोली मारकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अच्छेजा गांव निवासी विवेक नागर उर्फ विक्की और विशाल कश्यप के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने 19 जून को ट्रांसपोर्टर जीवन किशोर की हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विशाल कश्यप को शक था कि जीवन किशोर उसकी पत्नी पर गलत नजर रखता था। वहीं, विवेक नागर इस बात से नाराज था कि जीवन किशोर उसे लोगों के सामने अपना ड्राइवर और बाउंसर बताता था, जिससे वह खुद को अपमानित महसूस करता था। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने मिलकर जीवन किशोर की हत्या की साजिश रची थी। वारदात वाले दिन उन्होंने जीवन किशोर को घर से बुलाया और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे पहले किसी अन्य आपराधिक घटना में शामिल रहे हैं या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ट्रांसपोर्टर हत्याकांड के खुलासे के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है और अधिकारियों का दावा है कि त्वरित कार्रवाई से एक सनसनीखेज हत्याकांड का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया गया है।
Tags
नोएडा