अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 47वीं वाहिनी पीएसी में भव्य योग शिविर का आयोजन



गाजियाबाद।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर 47वीं वाहिनी पीएसी, गाजियाबाद के परेड ग्राउंड में "योगा फॉर हेल्दी एजिंग" (Yoga for Healthy Ageing) थीम के अंतर्गत भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सेनानायक डॉ. दिनेश यादव (आईपीएस), 41वीं/47वीं वाहिनी पीएसी, गाजियाबाद के निर्देशन एवं उपसेनानायक बी.एस. वीर कुमार की उपस्थिति में संहिता जनसहायक चैरिटेबल ट्रस्ट के सौजन्य से संपन्न हुआ।
योग शिविर में योगाचार्या श्रीमती नीतू चौधरी एवं उनकी टीम ने वाहिनी के अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। इस दौरान प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, अर्धचक्रासन, वृक्षासन, वज्रासन, नौकासन, पवनमुक्तासन, सर्वांगासन, तितली आसन और शवासन सहित अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी तथा भस्त्रिका प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। साथ ही हास्य योग के माध्यम से मानसिक तनाव को दूर करने और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाने के उपाय भी बताए गए।
योगाचार्या ने योग के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की विस्तृत जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। उन्होंने कहा कि योग न केवल शरीर को निरोग बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति भी प्रदान करता है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया और स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर उपसेनानायक बी.एस. वीर कुमार ने योगाचार्या नीतू चौधरी एवं उनकी टीम को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया तथा सभी को योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर सहायक सेनानायक श्रीमती अन्विता उपाध्याय, सूबेदार सैन्य सहायक मोमराज सिंह, सहायक शिविरपाल राजपाल सिंह, आरटीसी प्रभारी प्रदीप कुमार सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने