वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की स्कूटी बरामद, फरार आरोपियों की तलाश जारी
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नेहरू विहार इलाके में दिनदहाड़े हुई राशिद रंगरेज की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वारदात के महज 48 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अयान (21) और इमरान (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की स्कूटी भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 15 जून की शाम करीब 6:10 बजे नेहरू विहार क्षेत्र में तीन हमलावरों ने राशिद रंगरेज पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी थीं। गंभीर रूप से घायल राशिद को तत्काल जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जांच के लिए कई टीमों का गठन किया। जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए और स्थानीय स्तर पर गहन जांच की गई। इसी दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनके आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
उत्तर-पूर्वी जिले के डीसीपी राहुल अहलावत ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है। जांच में सामने आया है कि इमरान ने हत्याकांड में शामिल मुख्य शूटर को चोरी की स्कूटी उपलब्ध कराई थी। वहीं अयान ने राशिद की गतिविधियों पर नजर रखी और उसकी लोकेशन संबंधी जानकारी जुटाने के साथ इलाके की रेकी की थी, जिससे हमलावरों को वारदात को अंजाम देने में आसानी हुई।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी नूर-ए-इलाही इलाके से चोरी की गई थी। आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से चोरी के वाहन का इस्तेमाल किया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्याकांड के पीछे की साजिश, मुख्य शूटर की पहचान और फरार तीसरे आरोपी की भूमिका की जांच अभी जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है तथा फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Tags
दिल्ली