नोएडा की बादलपुर थाना पुलिस ने पहुंचाया जेल, शस्त्र बरामद
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि 15 जून 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि बुलंदशहर से दादरी की ओर जाने वाले जीटी रोड पर एक कार सवार युवकों ने सरेआम फायरिंग की है। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना बादलपुर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया। बुधवार को गोपनीय सूचना और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने सीमेंट फैक्ट्री के पास कच्चे रास्ते से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने सतर्कता और सूझबूझ से उन्हें दबोच लिया। हालांकि उनके दो साथी अर्जुन और नवीन मौके से फरार होने में सफल रहे।
पूछताछ में आरोपियों ने जो खुलासा किया, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। मुख्य आरोपी राहुल ने बताया कि उसने अपने पड़ोसी के मौसा की कार चलाई थी। घटना वाले दिन जब वे बुलंदशहर से दादरी की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक वाहन चालक ने लगातार हॉर्न बजाया। इसी बात पर गुस्से में आकर और अपना रौब दिखाने के लिए उसने दो राउंड फायर कर दिए। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बनाने के उद्देश्य से हथियार रखते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, चार अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस, 19 खोखा कारतूस, 108 अन्य खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। वहीं फरार आरोपियों अर्जुन और नवीन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।
Tags
नोएडा