55 जवानों और अधिकारियों ने किया रक्तदान
गाजियाबाद। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 8वीं वाहिनी, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) गाजियाबाद द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा समाज में रक्तदान की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वाहिनी मुख्यालय में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य चिकित्सा अधिकारी (प्रवर कोटि) डॉ. मलिक नसीर अहमद ने अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं रेस्क्यूर्स को स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने तथा अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई।
विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित रक्तदान अभियान के दौरान वाहिनी मुख्यालय में 30 अधिकारियों एवं कर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। वहीं, 25 रेस्क्यूर्स ने नई दिल्ली स्थित एम्स हॉस्पिटल में रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। इस प्रकार कुल 55 अधिकारियों और जवानों ने रक्तदान अभियान में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलता है। रक्त की आवश्यकता किसी भी समय किसी भी व्यक्ति को पड़ सकती है, इसलिए स्वस्थ नागरिकों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
एनडीआरएफ के अधिकारियों ने बताया कि रक्तदाताओं द्वारा प्रदर्शित सेवा-भावना, मानवीय संवेदनशीलता और सामाजिक दायित्व के प्रति समर्पण बल के आदर्श वाक्य “आपदा सेवा सदैव सर्वत्र” की भावना को साकार करता है। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ केवल आपदा प्रबंधन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न सामाजिक एवं मानवीय अभियानों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी निर्वहन कर रहा है। कार्यक्रम का समापन स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व पर जागरूकता संदेश के साथ हुआ, जिसमें सभी उपस्थित लोगों से नियमित रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता करने का आह्वान किया गया।
Tags
गाजियाबाद


