ओमकार शूटआउट और कथित अपहरण केस: लोनी में पुलिस अफसर और मुखिया गुर्जर के बीच तीखी बहस

धरने पर बैठे नाराज परिजन और ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल 


गाजियाबाद।
 दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी कोतवाली क्षेत्र के गनौली गांव निवासी ओमकार उर्फ ओमन के अपहरण को पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। न ओमकार का कोई सुराग मिला है, न ही अपहरणकर्ताओं का। इसी से नाराज परिजन और ग्रामीण पिछले तीन दिन से सड़क पर धरने पर बैठे हैं। मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है और राजनीतिक रंग लेता दिख रहा है। 
ओमकार की बरामदगी न होने से आक्रोशित परिजनों ने गुरुवार को सरकार के खिलाफ जोरदार नाराजगी जताई। धरने पर बैठे ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा नेता और लोनी के पूर्व पालिकाध्यक्ष डॉ. विनोद बंसल भी परिजनों से मिलने पहुंचे और उनसे बातचीत की। सपा नेता मुखिया गुर्जर भी धरना स्थल पर पहुंचे। मुखिया गुर्जर ने ओमकार अपहरण कांड को लेकर धरनास्थल पर बोलते हुए अपना विरोध जताया। इस दौरान उन्होंने पुलिस के लिए कुछ कड़े शब्दों में बोलते हुए चेतावनी दे डाली। जिस पर मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने आपत्ति जताई। इसी बात पर माहौल गरमा गया। 
इस दौरान मुखिया गुर्जर और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस हो गई। इसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि मुखिया गुर्जर पहले धरनास्थल पर लोगों के बीच अपनी बात रखते हुए पुलिस को चेता रहे हैं। उसके बाद नीचे बैठे पुलिस अधिकारी सामने बैठे मुखिया गुर्जर से उनके द्वारा बोली गई बातों पर आपत्ति जता रहे हैं। इसी बात को लेकर मुखिया गुर्जर भड़कते हुए कह रहे हैं कि मुझे टेक्निकल भाषा में मत सिखाओ। बस इसी बात पर पुलिस अधिकारी और मुखिया गुर्जर दोनों ही भड़क उठते हैं।
इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर गरमा-गर्मी हुई। ग्रामीणों की भीड़ और मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल एकत्र हो गया। मुखिया गुर्जर के समर्थकों ने भी पुलिस के रवैये पर नाराजगी जताई और उनके समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे माहौल और गर्म हो गया। भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर गनौली गांव के ही हैं। ऐसे में ओमकार अपहरण कांड अब सियासी मुद्दा बनता जा रहा है। पांच दिन बाद भी कोई सुराग न मिलने से परिजनों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक ओमकार की बरामदगी नहीं होती, धरना जारी रहेगा।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने