अवैध तमंचा, लूटी गई चेन का टुकड़ा और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद
गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के बाद एक शातिर स्नैचर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूटी गई चेन का टुकड़ा तथा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है। आरोपी के विरुद्ध दिल्ली में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत करीब एक दर्जन मुकदमे हैं।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव के अनुसार, थाना इंदिरापुरम क्षेत्र में बढ़ती स्नैचिंग और लूट की घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस टीम 5/6 की पुलिया वैशाली से कनावनी पुलिया की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक संदिग्ध अवस्था में आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर वह भागने लगा पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। पीछा करने के दौरान आरोपी की स्कूटी फिसलकर सड़क पर गिर गई। पुलिस का आरोप है कि खुद को घिरता देख आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपिल (27) पुत्र अरविंद के रूप में हुई है। वह वर्तमान में चंद बाग, थाना दयालपुर, दिल्ली का निवासी है तथा मूल रूप से ग्राम अखेपुर, थाना सरधना, जनपद मेरठ का रहने वाला है।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने गाजियाबाद, दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में महिलाओं एवं राहगीरों से चेन स्नैचिंग और लूट की कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। आरोपी ने यह भी बताया कि वह लूटे गए जेवर और अन्य सामान को दिल्ली में बेच देता था तथा उससे प्राप्त धनराशि अपने शौक पूरे करने में खर्च करता था। उसने 22 मई 2026 को थाना इंदिरापुरम क्षेत्र में हुई एक स्नैचिंग की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, पीली धातु की टूटी हुई चेन का टुकड़ा तथा बिना नंबर प्लेट की एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी कपिल के विरुद्ध दिल्ली में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त मेरठ में भी उसके खिलाफ स्नैचिंग का एक मामला दर्ज है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास तथा अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
Tags
गाजियाबाद