विश्व पर्यावरण दिवस पर औद्योगिक क्षेत्र में हरित क्षेत्र बढ़ाने के प्रति जागरूक किया गया
साहिबाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर साहिबाबाद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन विभाग, उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास प्राधिकरण तथा जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में उद्यमियों और संस्था के पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों के साथ उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप सत्यार्थी, प्रबंधक धीरज मिश्रा तथा जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र के सहायक आयुक्त विकास यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर साहिबाबाद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश मित्तल एवं चेयरमैन राजेंद्र शर्मा ने उद्यमियों और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। साथ ही उपस्थित उद्यमियों, कर्मचारियों एवं क्षेत्रवासियों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों, उद्यमियों एवं गणमान्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और भविष्य में भी ऐसे पर्यावरण संरक्षण अभियानों को नियमित रूप से जारी रखने का संकल्प लिया।
Tags
गाजियाबाद