विजय रहाटकर ने 128 महिला बंदियों से की मुलाकात
गाजियाबाद। राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरमैन विजय रहाटकर डासना जिला जेल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल परिसर में पौधारोपण भी किया और महिला बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी स्थिति और समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ने जेल में बंद 128 महिला बंदियों से मुलाकात की। उन्होंने महिला बंदियों से बातचीत कर उनके जीवन, परिवार और जेल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान कई महिला बंदियों ने अपनी गलतियों पर पश्चाताप व्यक्त किया और भविष्य में अपराध न करने का संकल्प लिया।
विजय रहाटकर ने कहा कि जेल में बंद महिलाएं अपने किए की सजा काट रही हैं और बातचीत के दौरान यह महसूस हुआ कि वे अपनी गलतियों पर पछतावा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन द्वारा महिला बंदियों के पुनर्वास के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महिला बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जेल में सिलाई, कढ़ाई, बुनाई और कंप्यूटर प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं, ताकि रिहाई के बाद वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें और समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
जेल प्रशासन ने जानकारी दी कि महिला बंदियों के लिए खान-पान और मूलभूत सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है। निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ने महिला बंदियों के पुनर्वास कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। निरीक्षण के अंत में उन्होंने कहा कि जेलों का उद्देश्य केवल सजा देना नहीं, बल्कि सुधार और पुनर्वास भी होना चाहिए, ताकि बंदी रिहाई के बाद एक बेहतर जीवन जी सकें।
Tags
गाजियाबाद


