शाहदरा में फैक्‍ट्री कर्मचारी की हत्या का 8 घंटे में खुलासा, सहकर्मी गिरफ्तार

किशोरावस्था में हत्या के प्रयास के एक मामले में भी शामिल रह चुका है आरोपी 


नई दिल्ली।
शाहदरा जिले की गांधी नगर थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले का महज आठ घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कैंची तथा घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं। 
शाहदरा जिले के डीसीपी आर.पी. मीणा ने बताया कि 5 जून को डॉ. हेडगेवार अस्पताल से सूचना प्राप्त हुई थी कि कृष्ण कुमार नामक व्यक्ति को किसी नुकीले हथियार से घायल अवस्था में भर्ती कराया गया है। पुलिस अस्पताल पहुंची, लेकिन घायल व्यक्ति हमले की परिस्थितियों अथवा हमलावर के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सका। बाद में वह अस्पताल से बिना बताए चला गया और कानूनी कार्रवाई से भी इनकार कर दिया। अगले दिन 6 जून को जीटीबी अस्पताल से सूचना मिली कि उपचार के दौरान कृष्ण कुमार की मौत हो गई है। इसके बाद गांधी नगर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी। जांच में पता चला कि मृतक रघुवरपुरा-द्वितीय स्थित एक गारमेंट फैक्ट्री में कार्यरत था।
फैक्ट्री मालिक एवं कर्मचारियों से पूछताछ के दौरान सामने आया कि 4 जून की रात फैक्ट्री परिसर में कुछ कर्मचारी शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि झगड़े के दौरान अरवाज नामक युवक ने पहले टाइगर नाम के कर्मचारी पर हमला किया और उसके बाद कृष्ण कुमार पर कैंची से कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाद में इन्हीं चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। गवाहों के बयान एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर 7 जून को गांधी नगर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय मुखबिरों की सहायता से आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए एफआईआर दर्ज होने के महज आठ घंटे के भीतर आरोपी अरवाज (27) को उत्तम नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कैंची और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए गए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी किशोरावस्था में हत्या के प्रयास के एक मामले में भी शामिल रह चुका है। शाहदरा जिला पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है तथा अन्य साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने