तीन दिन से बिजली संकट से त्रस्त महिलाओं का फूटा गुस्सा, विक्रम एनक्लेव बिजली घर का घेराव

 जेई और एसडीओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी, फ्लक्चुएशन से घरेलू उपकरण खराब होने का आरोप

गाजियाबाद। ट्रांस हिंडन क्षेत्र के शालीमार गार्डन स्थित विक्रम एनक्लेव में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बिजली कटौती और बार-बार वोल्टेज फ्लक्चुएशन से परेशान लोगों का गुस्सा शनिवार रात फूट पड़ा। बिजली आपूर्ति में सुधार न होने से नाराज महिलाओं ने विक्रम एनक्लेव बिजली घर का घेराव कर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह से चरमरा गई है। दिन और रात में कई-कई बार बिजली कट रही है, जबकि कम और ज्यादा वोल्टेज की समस्या के कारण लोगों के घरेलू बिजली उपकरण भी खराब हो रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं ने बताया कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। शिकायतों के बावजूद विभाग की ओर से केवल आश्वासन दिए जाते रहे, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
आक्रोशित महिलाओं ने बिजली घर पहुंचकर जूनियर इंजीनियर (जेई) और उपखंड अधिकारी (एसडीओ) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया जाएगा और क्षेत्र की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। लोगों ने मांग की कि क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, खराब उपकरणों की जांच कराई जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय निवासी मौजूद रहे। सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि वे केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सुधार देखना चाहते हैं। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने