सेक्टर-10, वसुंधरा में किया गया आयोजन, मॉक ड्रिल भी हुई
गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविन्द्र मांदड़ एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा अनुराधा सिंह के निर्देशन में 8 जून से 11 जून 2026 तक सिविल डिफेंस वार्डनों एवं स्वयंसेवकों के लिए चार दिवसीय अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का संचालन सहायक उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा नेम सिंह द्वारा परशुराम वाटिका, सेक्टर-10, वसुंधरा में किया गया।
प्रशिक्षण में पोस्ट संख्या-4, 5 एवं 6 साहिबाबाद प्रखंड के 44 सिविल डिफेंस वार्डनों और स्वयंसेवकों ने भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों को आग लगने की स्थिति में बचाव एवं नियंत्रण के उपाय, घायलों को प्राथमिक उपचार देने की विधि तथा सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) के माध्यम से जीवनरक्षक सहायता प्रदान करने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के अंतर्गत मॉक ड्रिल का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान डिविजनल वार्डन ए.के. जैन एवं ए.के. ठाकुर, डिप्टी डिविजनल वार्डन अशोक कुमार, स्टाफ ऑफिसर टू डिविजनल वार्डन रमन सक्सेना, घटना नियंत्रण अधिकारी एम.पी. रेड्डी तथा कार्यालय सहायक किशोरलाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं वार्डन उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए आपदा प्रबंधन में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन में आईसीओ विनोद शर्मा, विपिन भारद्वाज, दीपक तोमर, प्रमोद बघेल एवं प्रदीप शर्मा का विशेष योगदान रहा। अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य वार्डनों को किसी भी आपदा या आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार करना है, ताकि जनहानि एवं संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।
Tags
गाजियाबाद


