लोनी की अंसल कॉलोनी में अवैध मज़ार पर चला बुलडोजर

 प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: यूपीसीडा क्षेत्र में सरकारी जमीन पर चिन्हित था अवैध निर्माण 


गाजियाबाद।
लोनी के ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र स्थित अंसल कॉलोनी में रविवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर निर्मित एक अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। शासन के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। जेसीबी मशीनों की मदद से पूरे अवैध ढांचे को हटाया गया। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) क्षेत्र की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से मजार का निर्माण किया गया था। जांच के दौरान निर्माण को अवैध पाए जाने के बाद प्रशासन ने इसे चिह्नित किया था। इसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई गई। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मौके पर एसडीएम लोनी दीपक सिंघनवाल, डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसीपी सिद्धार्थ गौतम तथा यूपीसीडा के सीनियर मैनेजर एन.के. जैन समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा अथवा निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में अन्य अवैध निर्माणों की भी जांच की जा रही है और नियमों के विपरीत पाए जाने वाले ढांचों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कब्जाधारकों और भू-माफियाओं में हड़कंप की स्थिति देखी गई। प्रशासन ने दोहराया है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने