नोएडा पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का किया भंडाफोड़

2 शातिर गिरफ्तार, 11 चोरी की बाइक और अवैध हथियार बरामद


नोएडा।
सेक्टर-20 थाना पुलिस ने एक शातिर अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से चोरी की गई 11 मोटरसाइकिलें तथा अवैध हथियार बरामद किए हैं।
एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी पेशेवर वाहन चोर हैं, जो लंबे समय से दिल्ली और नोएडा में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस को मुखबिर से मिली सटीक सूचना और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर सेक्टर-28 क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी नोएडा के छलेरा गांव में रह रहे थे। उनकी निशानदेही पर की गई छापेमारी में पुलिस ने चोरी की 11 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। बरामद वाहनों में कई बाइक दिल्ली के ज्योति नगर, न्यू अशोक नगर, बदरपुर और समयपुर बादली थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं, जिनके संबंध में संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में 23 वर्षीय सोनू हलदर और 20 वर्षीय नाजिम शामिल हैं। दोनों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। सोनू हलदर के खिलाफ आर्म्स एक्ट, चोरी और आबकारी अधिनियम के तहत तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं नाजिम पर भी चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े तीन मामले दर्ज हैं
एडिशनल डीसीपी ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिलों और अवैध हथियारों के संबंध में आगे की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा चोरी के वाहनों को कहां और किस प्रकार खपाया जाता था। सेक्टर-20 थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2), 317(5) तथा आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने