वेव सिटी में गुरु अर्जुन देव शहीदी दिवस पर छबील लगाई गई

सेवादारों ने हजारों लोगों को पिलाया शरबत


गाजियाबाद।
सिखों के पांचवें गुरु, श्री गुरु अर्जुन देव साहिब के शहीदी दिवस के अवसर पर गुरुवार को डासना स्थित वेव सिटी में श्रद्धा, सेवा और मानवता का संदेश देते हुए छबील सेवा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राहगीरों, वाहन चालकों एवं स्थानीय नागरिकों को मीठा पानी और शरबत वितरित कर गुरु साहिब को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
वेव सिटी के मुख्य द्वार तथा थाना वेव सिटी के सामने ड्रीम होम परिसर में आयोजित इस सेवा कार्य में भीषण गर्मी के बीच हजारों लोगों ने ठंडा शरबत पीकर राहत महसूस की। कार्यक्रम के दौरान वेव सिटी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवा भाव से लोगों को शरबत वितरित किया।
कार्यक्रम के आयोजकों में जनरल मैनेजर निर्मल सिंह, रंजीत सिंह रंधावा, उदय राज सिंह (अन्ना), दीपू तेजिंदर सिंह, मनोज सिंह, भूपेंद्र उर्फ कालू, विकास राणा, पूजा एवं एडवोकेट प्रमोद सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर वेव सिटी के जनरल मैनेजर निर्मल सिंह ने कहा कि गुरु अर्जुन देव साहिब का जीवन मानवता, सेवा, त्याग और धार्मिक सहिष्णुता का प्रतीक है। उनके शहीदी दिवस पर छबील लगाकर लोगों की सेवा करना सिख परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और समाज को परोपकार का संदेश देता है।
उदय राज सिंह (अन्ना) ने बताया कि सिख धर्म में समानता, सेवा और भक्ति को विशेष महत्व दिया गया है। गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर गर्मी के मौसम में जगह-जगह छबील लगाकर राहगीरों को मीठा पानी और शरबत पिलाया जाता है। यह सेवा गुरु जी को दी गई यातनाओं की स्मृति तथा मानवता की निस्वार्थ सेवा का प्रतीक मानी जाती है। गर्मी को देखते हुए सुबह से ही छबील स्थल पर लोगों की भीड़ लगी रही। शरबत ग्रहण करने वाले लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में इस प्रकार की सेवा आमजन को बड़ी राहत प्रदान करती है और सामाजिक सौहार्द को भी मजबूत करती है। कार्यक्रम का समापन गुरु अर्जुन देव साहिब के बताए सेवा, त्याग और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ हुआ। वेव सिटी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं सेवा कार्यों को जारी रखने की बात कही।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने