नोएडा पुलिस ने दो शातिर चोर और एक बाल अपचारी को दबोचा, 67 मोबाइल व लैपटॉप बरामद
नोएडा। नोएडा-एनसीआर क्षेत्र में लोगों को झांसा देकर मोबाइल चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना फेज-1 पुलिस ने गिरोह के दो शातिर आरोपियों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 67 चोरी के मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, छह मोबाइल फोल्डर, मोबाइल खोलने के उपकरण तथा दो चाकू बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। गिरोह का बाल अपचारी सदस्य अचानक किसी वाहन के सामने आकर चोट लगने का नाटक करता था और जोर-जोर से चिल्लाने लगता था। बच्चे को घायल समझकर जैसे ही वाहन चालक मदद के लिए गाड़ी से उतरता, उसी दौरान गिरोह के सदस्य गोलू और पवन वाहन की दूसरी ओर से खिड़की खोलकर मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे।
एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर के व्यस्त बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और ट्रैफिक सिग्नलों पर सक्रिय था। आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से इस प्रकार की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए मोबाइल फोन को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी पवन तकनीकी तरीकों का इस्तेमाल करता था। वह लैपटॉप और विशेष सॉफ्टवेयर की मदद से आईफोन समेत महंगे मोबाइल फोन के लॉक तोड़ देता था। जो मोबाइल अनलॉक नहीं हो पाते थे, उनके पुर्जे अलग-अलग कर बाजार में बेच दिए जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 67 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, मोबाइल रिपेयरिंग और अनलॉकिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण तथा दो चाकू बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों के संबंध में विभिन्न थानों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना फेज-1 में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के मोबाइल खरीदने वाले नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
Tags
नोएडा