आगामी कार्यक्रमों से पहले यूपी-दिल्ली पुलिस ने कसी कमर, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर बनी संयुक्त रणनीति
गाजियाबाद। आगामी कार्यक्रमों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश पुलिस और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच शनिवार को एक महत्वपूर्ण इंटर-स्टेट बॉर्डर कोऑर्डिनेशन मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में दिल्ली के ईस्टर्न रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त (जॉइंट सीपी) आईपीएस अजीत कुमार सिंगला, पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी ईस्ट) आईपीएस राजीव कुमार, गाजियाबाद नगर एवं ट्रांस हिंडन के पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल सहित दोनों राज्यों के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने विशेष रूप से भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा दोनों राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।अधिकारियों ने कहा कि आगामी कार्यक्रमों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने और आम जनता को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए संयुक्त रणनीति के तहत कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, सूचनाओं के आदान-प्रदान को तेज करने तथा आवश्यकतानुसार संयुक्त कार्रवाई करने पर भी सहमति बनी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कानून-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को लेकर दोनों राज्यों की पुलिस के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखा जाएगा, ताकि किसी भी चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।