गाजियाबाद में पुराने प्रदूषणकारी वाहनों को हटाने के लिए आरटीओ ने बनाई रणनीति

बीएस-6, सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों को मिलेगा बढ़ावा, वाहन स्क्रैपिंग पर जोर: अशोक कुमार श्रीवास्तव


गाजियाबाद।
संभागीय परिवहन कार्यालय में परिवहन व्यवसायियों, स्कूल संचालकों, वाहन डीलरों, ऑयल कंपनियों तथा पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग केंद्रों (आरवीएसएफ) के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुराने और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को चरणबद्ध तरीके से हटाने और स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को बढ़ावा देने पर चर्चा की गई।
शुक्रवार को आरटीओ कार्यालय में हुई बैठक में एआरटीओ (प्रशासन) अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सरकार का उद्देश्य पुराने और अत्यधिक प्रदूषण फैलाने वाले ट्रकों एवं बसों की जगह बीएस-6, सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों को अधिकृत वाहन स्क्रैपिंग केंद्रों पर भेजने के लिए वाहन स्वामियों को जागरूक किया जा रहा है। इससे न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि ईंधन दक्षता बढ़ेगी और सड़क सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।
एआरटीओ ने कहा कि पुराने वाहनों के स्क्रैप होने से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और आधुनिक, सुरक्षित एवं कम प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा। बैठक में परिवहन विभाग ने सभी संबंधित पक्षों से सरकार की इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग करने की अपील की। साथ ही वाहन स्वामियों से अपील की गई कि वे निर्धारित आयु पूरी कर चुके वाहनों को अधिकृत स्क्रैपिंग केंद्रों पर भेजकर स्वच्छ और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने