अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीमों ने कोचिंग सेंटरों और बैंक्वेट हॉलों में सघन जांच अभियान चलाया
कई कोचिंग सेंटरों को नोटिस, कहीं कटी बिजली, नियम तोड़ने वालों की अब खैर नहीं
गाजियाबाद। प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज में सोमवार को हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद गाजियाबाद का दमकल विभाग और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गए हैं। जिले भर के कोचिंग सेंटरों, शिक्षण संस्थानों और बैंक्वेट हॉलों में फायर सेफ्टी को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान कई संस्थानों में गंभीर खामियां मिलने पर अधिकारियों ने नोटिस जारी किए हैं, जबकि कुछ स्थानों पर मौके पर ही बिजली आपूर्ति भी कटवा दी गई।
लखनऊ हादसे से सबक लेते हुए गाजियाबाद फायर विभाग ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फायर सेफ्टी ऑडिट शुरू किया है। दमकल अधिकारियों ने कोचिंग सेंटरों में लगे फायर फाइटिंग उपकरण, इमरजेंसी एग्जिट, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और सुरक्षा मानकों का बारीकी से निरीक्षण किया।
जांच के दौरान कई संस्थानों में अग्निशमन यंत्र खराब मिले, जबकि कई भवनों में आपातकालीन निकासी के पर्याप्त इंतजाम नहीं पाए गए। कुछ कोचिंग सेंटरों में एक ही सीढ़ी के सहारे सैकड़ों छात्र पढ़ते मिले, जो किसी भी हादसे की स्थिति में बड़ा खतरा बन सकता है।
फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिन संस्थानों में सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गई हैं, उन्हें नोटिस जारी कर निर्धारित समय में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। गंभीर अनियमितताओं वाले संस्थानों में एसडीओ को बुलाकर बिजली आपूर्ति तक बंद कराई गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अभियान के दौरान दमकल टीम ने छात्रों और स्टाफ को आग लगने की स्थिति में बचाव और सुरक्षित निकासी के तरीकों की जानकारी भी दी। पुलिस और फायर विभाग की संयुक्त टीम लगातार विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर रही है।
इधर, सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम और थाना इंदिरापुरम पुलिस ने थाना क्षेत्र के अंतर्गत पांच बैंक्वेट हॉल—ग्रीन औरा, जलसा/संसारा, गोल्डन मोमेंट्स, व्हाइट रोज और सिल्वर स्पून—का भी निरीक्षण किया। सभी बैंक्वेट हॉल संचालकों को अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन के लिए धारा 168 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किए गए।
निरीक्षण के दौरान अग्निशामक यंत्रों की उपलब्धता, आपातकालीन निकासी योजना और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई तथा संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जा सके।
फायर विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना फायर एनओसी और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के संचालित हो रहे कोचिंग सेंटरों और अन्य संस्थानों के खिलाफ सीलिंग सहित कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को किसी संस्थान में भेजने से पहले वहां की फायर सेफ्टी व्यवस्था की जानकारी अवश्य लें।
Tags
गाजियाबाद







