महापौर और विधायक ने किया विधिवत शुभारंभ, वर्षों पुरानी जल समस्या से मिलेगी राहत
गाजियाबाद। लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहे विजयनगर क्षेत्र के निवासियों को मंगलवार को बड़ी राहत मिली, जब क्षेत्र में गंगाजल आपूर्ति योजना का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर महापौर सुनीता दयाल, शहर विधायक संजीव शर्मा और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने पूजा-अर्चना कर नारियल फोड़ते हुए योजना का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्थानीय पार्षदों और नागरिकों ने गंगाजल आपूर्ति शुरू होने पर खुशी जताते हुए गाजियाबाद नगर निगम का आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि यह योजना लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नगर निगम द्वारा 15वें वित्त आयोग से प्राप्त 16 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से इस गंगाजल आपूर्ति परियोजना को पूरा किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, योजना के तहत विजयनगर क्षेत्र के 10 वार्डों में नियमित गंगाजल आपूर्ति शुरू कर दी गई है। इस अवसर पर महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि विजयनगर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर निगम लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रदेश सरकार की विकासपरक सोच का परिणाम है, जिससे हजारों परिवारों को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने योजना को सफल बनाने में क्षेत्रीय पार्षदों के सहयोग की भी सराहना की।
शहर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में जनप्रतिनिधियों और जनता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय से पहले इस योजना का शुरू होना एक बड़ी उपलब्धि है और भविष्य में भी क्षेत्र में विकास कार्यों को इसी गति से आगे बढ़ाया जाएगा।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि परियोजना के तहत आधुनिक जल आपूर्ति नेटवर्क विकसित किया गया है, जिससे क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में सुचारु रूप से गंगाजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम अन्य विकास परियोजनाओं पर भी तेजी से कार्य कर रहा है।
महाप्रबंधक (जल) कामाख्या प्रसाद आनंद ने बताया कि योजना के तहत वार्ड संख्या 3 ओल्ड विजयनगर, वार्ड 4 सेक्टर-12 माता कॉलोनी, वार्ड 14 न्यू विजयनगर, वार्ड 15 चरण सिंह कॉलोनी, वार्ड 25 अंबेडकर नगर, वार्ड 26 माधोपुर सुंदरपुरी, वार्ड 48 मिर्जापुर, वार्ड 51 प्रताप विहार सेक्टर-11, वार्ड 55 सेक्टर-11ए ब्लॉक तथा वार्ड 58 शिवपुरी में गंगाजल की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। कार्यक्रम के अंत में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने सभी अतिथियों, पार्षदों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। वहीं, क्षेत्रवासियों ने इसे विजयनगर के विकास की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताते हुए नगर निगम की पूरी टीम को धन्यवाद दिया। गंगाजल आपूर्ति शुरू होने से विजयनगर क्षेत्र में वर्षों पुरानी जल समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है और इससे हजारों परिवारों को स्वच्छ पेयजल की स्थायी सुविधा मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
Tags
गाजियाबाद