12 साल पुरानी चोरी की बाइक समेत पांच दोपहिया वाहन बरामद, वाहन चोर गिरफ्तार

गाजियाबाद की वेव सिटी थाना पुलिस ने डासना का शातिर चोर दबोचा

गाजियाबाद।
वेव सिटी थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे और निशानदेही पर तीन बाइक, दो स्कूटी, चार स्मार्टफोन तथा 120 कीपैड मोबाइल बॉडी बरामद की हैं। बरामद वाहनों में एक बाइक ऐसी भी मिली है, जिसकी चोरी का मुकदमा वर्ष 2012 में मेरठ के मुंडाली थाने में दर्ज हुआ था। करीब 12 वर्ष बाद इस बाइक की बरामदगी ने पुराने वाहन चोरी के मामलों की जांच और ट्रैकिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात करीब एक बजे भूड़गढ़ी पेरिफेरल अंडरपास के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने डासना निवासी फुरकान उर्फ पाली उर्फ सैफ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी तीन दिन पहले विजयनगर क्षेत्र से चोरी की गई टीवीएस अपाचे बाइक पर सवार होकर जा रहा था।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से चार स्मार्टफोन और 120 कीपैड मोबाइल बॉडी बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चोरी की अन्य बाइक और स्कूटियां ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के किनारे झाड़ियों में छिपा रखी हैं।
इसके बाद पुलिस आरोपी को साथ लेकर मौके पर पहुंची और झाड़ियों से दो अन्य बाइक तथा दो स्कूटी बरामद कर लीं। जांच में एक स्कूटी दिल्ली के सीमापुरी थाना क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमे से संबंधित निकली, जबकि दूसरी बाइक पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग क्षेत्र से चोरी होना सामने आया।
सबसे चौंकाने वाला खुलासा बरामद बजाज पल्सर बाइक को लेकर हुआ, जिसके संबंध में वर्ष 2012 में मेरठ के मुंडाली थाने में वाहन चोरी का मुकदमा दर्ज है। करीब 12 साल बाद बाइक की बरामदगी से यह सवाल उठने लगे हैं कि चोरी के वाहन इतने लंबे समय तक पुलिस की नजर से कैसे बचे रहे। पुलिस लगातार चेकिंग और वाहन सत्यापन अभियान चलाने का दावा करती रही है, लेकिन आरोपी चोरी के वाहनों को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के पास छिपाकर रखता रहा और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और वाहन चोरी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने