एमसीडी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले

शाश्वत सौरभ को नजफगढ़ जोन की जिम्मेदारी, सचिन गुप्ता बने सेंट्रल जोन के नए डिप्टी कमिश्नर

नई दिल्ली:
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है. केंद्रीय स्थापना विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत कई अधिकारियों का तबादला किया गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. निगम प्रशासन के अनुसार यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं.
जारी आदेश के मुताबिक, शाश्वत सौरभ को सेंट्रल जोन के डिप्टी कमिश्नर पद से स्थानांतरित कर नजफगढ़ जोन का डिप्टी कमिश्नर नियुक्त किया गया है. इसके साथ ही उन्हें सिटी सदर पहाड़गंज (सीएसडी) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है. प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए उन्हें यह अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है. वहीं, प्रतीक्षा सूची (वेटिंग पोस्टिंग) में चल रहे सचिन गुप्ता को सेंट्रल जोन का नया डिप्टी कमिश्नर बनाया गया है. सेंट्रल जोन एमसीडी के महत्वपूर्ण जोनों में शामिल है, जहां बड़ी आबादी और व्यावसायिक गतिविधियों के चलते प्रशासनिक कार्यों की विशेष चुनौती रहती है.एमसीडी ने ऋषिता गुप्ता का भी तबादला करते हुए उन्हें रोहिणी जोन से असेसर एवं कलेक्टर के पद पर नियुक्त किया है. इस पद पर उन्हें राजस्व संग्रह और कर संबंधी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा. वहीं, उनकी जगह अंशुल सिरोही को रोहिणी जोन का नया डिप्टी कमिश्नर नियुक्त किया गया है.इसके अतिरिक्त सुमित कुमार को नई जिम्मेदारी देते हुए एलएंडई (लैंड एंड एस्टेट) तथा टोल टैक्स विभाग में तैनात किया गया है. माना जा रहा है कि उनके अनुभव का लाभ इन विभागों के प्रशासनिक और राजस्व संबंधी कार्यों को मजबूत करने में मिलेगा. निगम सूत्रों के अनुसार यह फेरबदल विभिन्न जोनों और विभागों में कार्यकुशलता बढ़ाने, प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करने तथा नागरिक सेवाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया गया है.आने वाले समय में इन अधिकारियों के नेतृत्व में संबंधित जोनों और विभागों में कार्यों की गति और गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है.


ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने