दिल्ली के वेलकम में पुलिस-मुठभेड़: हत्या का वांछित आरोपी पैर में गोली लगने से गिरफ्तार
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र स्थित झील पार्क में पुलिस और हत्या के एक वांछित आरोपी के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक हेड कांस्टेबल की जान बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बाल-बाल बच गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार 5 जून की रात करीब 9:30 बजे सूचना मिली थी कि हत्या के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा आरोपी रिहान वेलकम क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर थाना वेलकम के एसएचओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर झील पार्क के आसपास घेराबंदी की गई। रात करीब 11 बजे मुखबिर की निशानदेही पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान कर उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा। पीछा किए जाने पर उसने अपनी जेब से सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी द्वारा चलाई गई शुरुआती दो गोलियां हेड कांस्टेबल हरेंद्र के बेहद करीब से गुजरीं। इसके बावजूद पुलिस टीम लगातार उसे आत्मसमर्पण करने के लिए चेतावनी देती रही। इसी दौरान आरोपी ने एक और गोली चलाई, जो सीधे हेड कांस्टेबल की छाती पर लगी। सौभाग्य से उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे गोली उन्हें नुकसान नहीं पहुंचा सकी। लगातार हो रही फायरिंग और साथी पुलिसकर्मी की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। हेड कांस्टेबल ने नियंत्रित फायर करते हुए आरोपी के पैर को निशाना बनाया। गोली लगते ही आरोपी घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, तीन खोखे और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ सरकारी कर्मचारी पर जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट के तहत एक नया मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपी ने हत्या के मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। अधिकारियों के अनुसार रिहान एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट सहित छह से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य संभावित साथियों की तलाश में जुटी हुई है।
Tags
दिल्ली