78 दिन तक फाइल लटकाई, भ्रामक रिपोर्ट दी; असिस्टेंट पब्लिक हेल्थ इंस्पेक्टर बर्खास्त
नई दिल्ली। मालवीय नगर अग्निकांड के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने ड्यूटी में लापरवाही और भ्रामक रिपोर्ट देने के आरोप में एक असिस्टेंट पब्लिक हेल्थ इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। निगम की ओर से जारी आदेश के अनुसार अधिकारी ने लाइसेंस आवेदन की जांच में अनावश्यक देरी की तथा गलत रिपोर्ट के आधार पर लाइसेंस की सिफारिश की, जिसके चलते गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।जन स्वास्थ्य विभाग के आदेश के मुताबिक बर्खास्त किए गए अधिकारी प्रिंस मान साउथ जोन में संविदा आधार पर कार्यरत थे। उन्हें 17 मार्च 2026 को एक चाय एवं नाश्ता दुकान (टी एंड स्नैक्स) के लाइसेंस आवेदन की जांच सौंपी गई थी। आरोप है कि उन्होंने बिना किसी उचित कारण के आवेदन को 78 दिनों तक लंबित रखा।
आदेश में कहा गया है कि 2 जून 2026 को किए गए निरीक्षण के दौरान अधिकारी ने केवल औपचारिकता निभाई और परिसर में मौजूद गंभीर कमियों तथा नियमों के उल्लंघन को नजरअंदाज कर दिया। इसके बावजूद उन्होंने लाइसेंस मंजूरी की सिफारिश कर दी।
मामला उस समय गंभीर हो गया जब 3 जून को मालवीय नगर के हौजरानी स्थित सी-2 ब्लॉक के मकान संख्या 269 में आग लगने की घटना हुई। हादसे के बाद हुई विभागीय जांच में पता चला कि जिस परिसर को अधिकारी ने सुरक्षित और मानकों के अनुरूप बताया था, वहां कई गंभीर खामियां मौजूद थीं। इसी रिपोर्ट के आधार पर जोनल स्तर पर लाइसेंस को मंजूरी दी गई थी।
एमसीडी ने इस पूरे मामले को घोर लापरवाही और कर्तव्य के प्रति उदासीनता का उदाहरण बताते हुए कहा कि अधिकारी का आचरण उन्हें किसी भी जिम्मेदारी वाले पद पर बने रहने के योग्य नहीं बनाता। जनहित को ध्यान में रखते हुए उनकी संविदात्मक नियुक्ति तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है।
11 जून को जारी इस आदेश को सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी प्राप्त है। उल्लेखनीय है कि मालवीय नगर अग्निकांड के बाद मेयर ने तीन दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने की बात कही थी, लेकिन घटना के एक सप्ताह बाद भी रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है। इस मामले में एमसीडी की ओर से यह पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि निगम की यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश देती है कि जन सुरक्षा और लाइसेंसिंग प्रक्रिया से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और सतर्कता के साथ करना होगा।
Tags
दिल्ली