फ्लैट से मिले संदिग्ध रसायन, महिला की मौत से सनसनी
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड (एएनएस) द्वारा मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान स्वरूप नगर इलाके में एक विदेशी महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान महिला ने बालकनी से छलांग लगा दी, जिसके बाद अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।पुलिस के मुताबिक, बुराड़ी थाने में दर्ज एफआईआर संख्या 374/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 में गिरफ्तार आरोपी फ्रैंक डैशमंड से पूछताछ के आधार पर एंटी नारकोटिक्स टीम स्वरूप नगर स्थित एमसीडी स्कूल के पास एक फ्लैट में पहुंची। कार्रवाई के दौरान फ्लैट नंबर-12 की तीसरी मंजिल से रोमियो उर्फ स्काई नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 30 ग्राम एमडीएमए और 1.5 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसके बाद टीम चौथी मंजिल पर स्थित दो अलग-अलग फ्लैटों में पहुंची, जहां दो अफ्रीकी नागरिक रह रहे थे। एक फ्लैट में रहने वाली विदेशी महिला स्टेला पायस के घर पहुंचते ही उसने कथित तौर पर बालकनी से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल बुराड़ी स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि दूसरे फ्लैट में रहने वाले अफ्रीकी नागरिक मार्टिन एरॉन के पास से एक चाबी बरामद हुई। इस चाबी की मदद से स्टेला पायस के फ्लैट के एक बंद कमरे को खोला गया। कमरे की तलाशी में बड़ी मात्रा में रासायनिक पदार्थ, बीकर, पाइप, बोरे और इलेक्ट्रॉनिक वज़न मशीनें बरामद हुईं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि उक्त स्थान का इस्तेमाल मादक पदार्थों के निर्माण अथवा उनके कच्चे माल के भंडारण के लिए किया जा रहा था। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है।
एनडीपीएस मामले की आगे की जांच एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड (नॉर्थ) द्वारा की जा रही है, जबकि महिला की मौत और अन्य कानूनी पहलुओं की जांच स्वरूप नगर थाना पुलिस एवं आउटर नॉर्थ जिला पुलिस कर रही है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
एनडीपीएस मामले की आगे की जांच एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड (नॉर्थ) द्वारा की जा रही है, जबकि महिला की मौत और अन्य कानूनी पहलुओं की जांच स्वरूप नगर थाना पुलिस एवं आउटर नॉर्थ जिला पुलिस कर रही है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
Tags
दिल्ली