गाजियाबाद: खोड़ा में सूर्या चौहान हत्याकांड में बुधवार को चौथी गिरफ्तार हुई है। पुलिस सूर्या हत्याकांड के चौथे आरोपी सारिक मेवाती को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से फरार चल रहे सारिक मेवाती पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस जांच में सामने आया था कि वारदात में असद, नवाब, फरहान, अतीक और सारिक मेवाती समेत कई लोग शामिल थे। घटना के बाद मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था, जबकि उसके पिता नवाब, फरहान और अतीक को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसके बाद से सारिक मेवाती फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस अधिकारियों ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
खोड़ा पुलिस लगातार सारिक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इंदिरापुरम अंडरपास के पास नहर पटरी से सारिक मेवाती को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी खोड़ा कॉलोनी के नवनीत विहार का रहने वाला है और उसका मूल निवास अलीगढ़ जिले के छर्रा क्षेत्र में बताया गया है। पुलिस पूछताछ में सारिक मेवाती ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने साथियों असद, फरहान, अतीक और असद के पिता नवाब के साथ मिलकर सूर्या पर चाकुओं से हमला किया था। पुलिस अब उससे घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। बता दें कि 28 मई को बकरीद के दिन असद अपने दोस्तों के साथ सूर्या चौहान की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी।
Tags
गाजियाबाद