चिराग त्यागी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर सैंथली गांव में महापंचायत

 आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की उठी मांग, कार्रवाई न होने पर दी आंदोलन की चेतावनी 


गाजियाबाद।
अंतरराष्ट्रीय पैरा खिलाड़ी चिराग त्यागी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर रविवार को मुरादनगर क्षेत्र के सैंथली गांव में एक विशाल महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा सर्व समाज के लोगों ने भाग लिया। महापंचायत में वक्ताओं ने चिराग त्यागी की हत्या को अत्यंत दुखद और निंदनीय बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने प्रदेश सरकार से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। 
सभा में वक्ताओं ने कहा कि चिराग त्यागी ने अपने खेल कौशल के दम पर क्षेत्र और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया था। ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी की हत्या से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द कठोर सजा दिलाने की मांग की। महापंचायत के दौरान कुछ वक्ताओं ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनके एनकाउंटर की भी मांग उठाई। उपस्थित लोगों ने कहा कि चिराग त्यागी के परिवार को शीघ्र न्याय मिलना चाहिए और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। 
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। महापंचायत शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए रहे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने