चार्जर देने के बहाने किशोरी से दुष्कर्म, अधेड़ पड़ोसी आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद।
लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में 52 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कथित तौर पर चार्जर देने के बहाने नाबालिग को अपने घर बुलाया और इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता की मां की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट सहित दुष्कर्म की गंभीर धाराएं जोड़ते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह वारदात 18 जून की है। पीड़िता की मां ने लोनी बॉर्डर थाने में लिखित तहरीर देकर अपने पड़ोस में ही रहने वाले एक अधेड़ व्यक्ति पर बेटी के साथ गलत हरकत करने का आरोप लगाया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। शुरुआती चरण में पुलिस ने इस मामले में छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। हालांकि, जांच के आगे बढ़ने, पीड़िता के मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज बयानों और मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट आने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में दुष्कर्म की संगीन धाराएं जोड़ीं और पूर्व में दर्ज धाराओं में आवश्यक संशोधन किया। 
लोनी बॉर्डर थाना पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात को मुखबिर से आरोपी की मौजूदगी की सटीक सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी प्रेमदास (52 वर्ष) को उसके घर से दबोच लिया। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया और पूछताछ पूरी कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी प्रेमदास पीड़िता का पड़ोसी है। पड़ोसी और परिचित होने के कारण किशोरी उस पर शक नहीं कर पाई। आरोप है कि इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर आरोपी ने उसे मोबाइल चार्जर देने के बहाने अपने घर के अंदर बुलाया और वारदात को अंजाम दिया। लोनी बॉर्डर थाना पुलिस पुलिस उसके पुराने और अन्य संभावित आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है, ताकि मामले में सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने