सेल्समैन पर आरोप; पुलिस की पांच टीमें तलाश में जुटीं
गाजियाबाद। शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर (आरडीसी) स्थित तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में शुक्रवार सुबह लाखों रुपये मूल्य के गहनों की चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में शोरूम के एक सेल्समैन की संलिप्तता सामने आने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे शोरूम में चोरी की घटना का पता चला। जांच के दौरान खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज में शोरूम का सेल्समैन, मोदीनगर निवासी नितिन वर्मा, एक अन्य युवक के साथ शोरूम पहुंचता दिखाई दिया। फुटेज में दोनों शटर का ताला खोलकर अंदर प्रवेश करते हैं। इसके बाद नितिन शोरूम में रखे गहनों को एक थैले में भरता है और करीब 15 मिनट के भीतर अपने साथी के साथ फरार हो जाता है।
पुलिस के अनुसार, रात की शिफ्ट में तैनात सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी सुबह आठ बजे तक थी, लेकिन वह सुबह करीब सात बजे ही शोरूम छोड़कर चला गया। इसी दौरान चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। सुबह दूसरी शिफ्ट का गार्ड ड्यूटी पर पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस शोरूम के एक अन्य कर्मचारी गौतम राज और सुरक्षा गार्ड से भी पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि शोरूम की चाबी गौतम राज के पास रहती है। पुलिस को आशंका है कि चोरी की इस वारदात में शोरूम के एक से अधिक कर्मचारियों की भूमिका हो सकती है।
फिलहाल कंपनी द्वारा चोरी हुए गहनों का आकलन किया जा रहा है। गहनों की कुल कीमत का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। पुलिस फरार आरोपी नितिन वर्मा और उसके साथी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस का मानना है कि वारदात सुनियोजित तरीके से की गई है और इसमें अंदरूनी लोगों की मिलीभगत से इंकार नहीं किया जा सकता।
Tags
गाजियाबाद
