डोसे में कीड़ा मिलने का आरोप, ग्राहक की तबीयत बिगड़ी; खाद्य विभाग ने लिया सैंपल

खोड़ा के रेस्टोरेंट का वीडियो वायरल, जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई


गाजियाबाद।
खोड़ा क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में डोसे के अंदर कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता अनुराग कटियार ने आरोप लगाया है कि रेस्टोरेंट से खरीदे गए डोसे में कीड़ा मिलने के कारण उनकी तबीयत खराब हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 
जानकारी के अनुसार, अनुराग कटियार ने 4 जून को खोड़ा स्थित श्री जी श्याम डेयरी रेस्टोरेंट से डोसा खरीदा था। उनका आरोप है कि खाना खाते समय उन्हें डोसे में एक छोटा कीड़ा दिखाई दिया। उन्होंने दावा किया कि दूषित भोजन खाने के बाद उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत हुई और स्वास्थ्य बिगड़ने पर चिकित्सकीय उपचार लेना पड़ा।
शिकायतकर्ता का कहना है कि उनके पास उपचार से संबंधित मेडिकल दस्तावेज भी उपलब्ध हैं। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन से करते हुए जांच की मांग की।
अनुराग कटियार ने जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच पूरी होने तक संबंधित रेस्टोरेंट के किचन संचालन को अस्थायी रूप से बंद रखा जाए। उनका कहना है कि यह मामला सीधे तौर पर आम लोगों के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम सक्रिय हुई। विभागीय अधिकारियों ने रेस्टोरेंट पहुंचकर डोसे का नमूना तथा अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने