न्यू गांधी नगर क्षेत्र में किराए के मकान में चल रहा था सेक्स रैकेट
गाजियाबाद। थाना सिहानी गेट पुलिस ने न्यू गांधी नगर क्षेत्र में किराए के मकान में विदेशी महिला से अनैतिक देह व्यापार कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से विदेशी महिला को सकुशल रेस्क्यू कर लिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 28 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि न्यू गांधी नगर स्थित मकान संख्या सी-32 में अवैध रूप से देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। जांच के दौरान किराए के मकान में आरोपी अंकित गुप्ता उर्फ राहुल मलिक एक विदेशी महिला को बहला-फुसलाकर उससे अनैतिक देह व्यापार कराते हुए मिला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने परिवार का खर्च चलाने के लिए किराए के मकान में देह व्यापार का धंधा संचालित करता था। उसने विदेशी महिला को बहला-फुसलाकर अपने पास रखा था और उससे देह व्यापार कराकर आर्थिक लाभ कमा रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित गुप्ता उर्फ राहुल मलिक (32 वर्ष) पुत्र अशोक कुमार गुप्ता, निवासी मकान संख्या सी-32, नेहरू नगर द्वितीय, थाना सिहानी गेट, गाजियाबाद के रूप में हुई है। उसका मूल निवास फिरोजाबाद जनपद के शिकोहाबाद क्षेत्र में है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक वीवो एक्स-300 एफई मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना सिहानी गेट में अनैतिक देह व्यापार से संबंधित पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं।
Tags
गाजियाबाद
