अधिकारियों ने व्यापारियों को जीएसटी से संबंधित नवीनतम प्रावधानों एवं नियमों की जानकारी भी दी
गाजियाबाद। राज्य कर विभाग, खण्ड-एक, गाजियाबाद के तत्वावधान में स्थापित व्यापारियों के साथ संवाद कार्यक्रम उद्योग बंधु बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में व्यापारियों द्वारा उठाई गई समस्याओं एवं सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके समाधान के लिए अधिकारियों ने आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में व्यापारियों ने जीएसटी से संबंधित विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इनमें मुख्य रूप से व्यवसाय स्थल पर अनुपालन के दौरान होने वाली कठिनाइयों, अधिकारी एवं व्यापारी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा विभागीय प्रक्रियाओं को सरल बनाने से जुड़े मुद्दे शामिल रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक की अध्यक्षता अपर आयुक्त, खण्ड-एक, राज्य कर, गाजियाबाद अरुण कुमार सिंह ने की। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा व्यापारियों की सुविधाओं एवं समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। व्यापारियों से अपील की गई कि वे अपनी समस्याओं को लिखित रूप में विभाग के समक्ष रखें, ताकि उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। अधिकारियों ने व्यापारियों को जीएसटी से संबंधित नवीनतम प्रावधानों एवं नियमों की जानकारी भी दी तथा विभागीय पोर्टल और ऑनलाइन सेवाओं का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही करदाताओं से विभागीय निर्देशों का पालन करने और समय पर कर भुगतान सुनिश्चित करने की अपील की गई।
बैठक में संयुक्त आयुक्त राज्य कर अरुण कुमार सिंह, सहायक आयुक्त राज्य कर राजेश्वरी बालानंदन सहित विभाग के कई अधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों ने भी बैठक में भाग लेकर व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि विभाग और व्यापारियों के बीच बेहतर संवाद एवं सहयोग के माध्यम से कर प्रशासन को और अधिक पारदर्शी तथा प्रभावी बनाया जाएगा।
इस अवसर उपायुक्त अरुण कुमार सिंह, सहायक आयुक्त पंकज खरवार, राज्य कर अधिकारी राजीव कुमार, पी0ए0 ग्रेड-2 मदन कुमार, प्रधान सहायक वरुण चौहान, वरिष्ठ सहायक श्रीमती वर्षा चौहान एवं स्थानीय व्यापारी अरुण शर्मा, विकास महरोत्रा, प्रवेश चौपड़ा, एम.सी. जैन, सौभाग्य जैन, संजय चौरसिया, जयंत भाटी, लोकेंद्र राणा, हीरा मिश्रा, प्रथम मिश्रा आदि उपस्थित रहे।
Tags
गाजियाबाद