नोएडा पुलिस ने बंद मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन शातिर चोर गिरफ्तार

मेरठ से आकर करते थे रेकी और चोरी, तीन लाख नकद समेत लाखों के जेवर, लैपटॉप और मोबाइल बरामद


नोएडा।
थाना सेक्टर-126 पुलिस ने बंद मकानों को निशाना बनाकर दिनदहाड़े चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब तीन लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, चार मोबाइल फोन, चार लैपटॉप, चोरी में प्रयुक्त एक कार, ताला तोड़ने के औजार तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है।
एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि सेक्टर-127 स्थित बख्तावरपुर गांव निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दिन के समय उनके बंद मकान का ताला तोड़कर चोर सोने-चांदी के आभूषण, तीन लाख रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक लैपटॉप चोरी कर ले गए। इस संबंध में थाना सेक्टर-126 में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस के अनुसार इससे पहले 8 मई को भी बख्तावरपुर गांव में एक अन्य घर में चोरी की घटना हुई थी, जिसमें दो लैपटॉप समेत अन्य सामान चोरी हुआ था। घटनाओं के खुलासे के लिए गठित टीम ने क्षेत्र के 50 से 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की पहचान की।
बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सेक्टर-131 स्थित गढ़ी शाहदरा गांव के सामने पुश्ता रोड से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान शुभम उर्फ काकू, राहुल शर्मा और सचिन वर्मा के रूप में हुई है।
पूछताछ में मुख्य आरोपी शुभम उर्फ काकू ने बताया कि वह नशे का आदी है और पिछले कई वर्षों से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। वह दिन में ऐसे मकानों की रेकी करता था जिन पर ताला लगा होता था और मौका मिलते ही चोरी कर फरार हो जाता था। चोरी का सामान बेचने में उसका रिश्तेदार राहुल शर्मा मदद करता था, जबकि सुनार का काम करने वाला सचिन वर्मा चोरी के जेवरों को गलाकर बेच देता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मेरठ से नोएडा केवल चोरी की वारदातों को अंजाम देने आते थे और घटना के बाद वापस मेरठ लौट जाते थे। तीनों ने बख्तावरपुर क्षेत्र में हुई दो चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार शुभम उर्फ काकू के खिलाफ मेरठ और गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमों में संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं। वहीं शुभम के खिलाफ अवैध चाकू रखने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत अलग से कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी शुभम पिछले 11 वर्षों से चोरी और लूट की वारदातों में सक्रिय है। गिरफ्तारी के समय भी वह क्षेत्र में किसी नई वारदात की फिराक में घूम रहा था।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने