पेट्रोल चोरी की शिकायत का बदला: नकाबपोश ने तीन बाइकों में लगाई आग

धुएं से कमरे में सो रहे दो युवक बेहोश,  क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र के कृष्णा नगर (बागू) की घटना सीसीटीवी में कैद 


गाजियाबाद।
क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में पेट्रोल चोरी की शिकायत से नाराज बदमाशों द्वारा तीन बाइकों में आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में तीनों बाइकें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जबकि कमरे में सो रहे दो युवक धुएं के कारण बेहोश हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।  पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। 
जानकारी के अनुसार, घटना कृष्णा नगर (बागू) क्षेत्र की है। मूल रूप से छिजारसी (सेक्टर-63) निवासी विनय कुमार अपने साथियों कपिल, निक्की, हर्ष, सौरव और विवेक के साथ एचपी पेट्रोल पंप के पास किराये के मकान में रहते हैं। पीड़ित विनय कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार रात करीब 12:10 बजे दो युवक उनकी बाइक से पेट्रोल चोरी कर रहे थे। सीसीटीवी कैमरे में यह गतिविधि दिखाई देने पर उन्होंने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
आरोप है कि इसी कार्रवाई से नाराज होकर रविवार तड़के करीब 3:20 बजे दो नकाबपोश बदमाश बाइक पर सवार होकर पहुंचे। उन्होंने कपड़े से अपना चेहरा ढक रखा था। बदमाशों ने मकान के बाहर खड़ी तीन बाइकों पर पेट्रोल छिड़का और माचिस से आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और जहरीला धुआं कमरे के अंदर भर गया। धुएं के कारण कमरे में सो रहे विवेक और निक्की बेहोश हो गए। इसी दौरान धुआं उठता देख विनय की आंख खुल गई। उन्होंने तत्काल अपने साथियों को जगाया और फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में पड़ोसियों की मदद से समरसेबल पंप चलाकर आग पर काबू पाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। वायरल फुटेज में एक व्यक्ति बोतल से ज्वलनशील पदार्थ बाइकों पर छिड़कता और फिर आग लगाता दिखाई दे रहा है।
पीड़ित ने क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ आगजनी, जानलेवा हमले और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। प्राप्त शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने