पूर्वी दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार थाना क्षेत्र में मंडोली जेल में बंद एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. कैदी को बेहोशी की हालत में जीटीबी अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. डीसीपी राहुल अहलावल के अनुसार 3 जून 2026 को जीटीबी अस्पताल से हर्ष विहार थाने को सूचना मिली कि मंडोली जेल से लाए गए एक कैदी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन जांच के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान 40 वर्षीय मलकीत सिंह पुत्र बलदेव सिंह निवासी लाल बाग, आजादपुर, दिल्ली के रूप में हुई है. पुलिस जांच में पता चला कि मलकीत सिंह मंडोली जेल में बंद था. उसके खिलाफ स्पेशल सेल थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत दर्ज एफआईआर संख्या 67/2021 तथा पंजाब के फतेहगढ़ साहिब थाने में हत्या के मामले (एफआईआर संख्या 91/2017, धारा 302 आईपीसी) में मुकदमे दर्ज थे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है. मामले में बीएनएसएस की धारा 196 के तहत जांच शुरू कर दी गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रहे हैं.
मार्च महीने में मंडोली जेल से आई थी कैदी की मौत की खबर: मार्च 2026 में भी मंडोली जेल से एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर आई थी, परिजनों ने वार्डन पर बेरहमी से मारपीट का आरोप लगाया था. उत्तर-पूर्वी दिल्ली स्थित मंडोली जेल नंबर-11 में बंद कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया था. मृतक की पहचान मोहम्मद आजाद उर्फ राखाल (लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है. उसे थाना कृष्णा नगर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था.
Tags
दिल्ली