22 होटल-गेस्ट हाउसों की जांच, कमियां मिलने पर 6 होटलों को नोटिस जारी
गाजियाबाद। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में 3 जून 2026 को हुई दर्दनाक अग्नि दुर्घटना के मद्देनज़र महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवा उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर प्रदेशभर में होटल, रेस्टोरेंट एवं गेस्ट हाउसों की अग्नि सुरक्षा जांच का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को कमिश्नरेट गाजियाबाद क्षेत्र में अग्निशमन विभाग द्वारा 22 होटल, रेस्टोरेंट एवं गेस्ट हाउसों का निरीक्षण किया गया।
जांच अभियान के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में स्थापित अग्नि सुरक्षा उपकरणों, फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन निकास मार्गों तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की कार्यशीलता का परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छह प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। इनमें अर्थव होटल (मॉडल टाउन), स्वीच होटल (जीटी रोड), शंकर होटल (क्रॉसिंग रिपब्लिक), होटल सनसेट व्यू रेजीडेंसी (लोनी), होटल ग्रीन वैली (साहिबाबाद) तथा प्लेटिनम होटल (राजबाग) शामिल हैं।
अग्निशमन विभाग ने संबंधित भवन स्वामियों एवं प्रबंधकों को निर्देशित किया कि वे अपने भवनों में स्थापित सभी अग्निशमन सुरक्षा प्रणालियों को तत्काल कार्यशील अवस्था में लाएं तथा नियमित रूप से उनका रखरखाव सुनिश्चित करें। जांच के दौरान होटल एवं गेस्ट हाउस के कर्मचारियों को आग से बचाव, अग्निशमन उपकरणों के उपयोग तथा उनके रखरखाव संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई। साथ ही सभी प्रतिष्ठानों को भवन के निकास मार्ग सदैव अवरोधमुक्त रखने, ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण न करने, बेसमेंट में कूड़ा-कचरा एकत्र न होने देने तथा समय-समय पर अग्नि सुरक्षा उपकरणों की जांच कराने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने यह भी सलाह दी कि भवनों में स्थापित विद्युत उपकरणों के अनुरूप विद्युत वायरिंग एवं लोड का परीक्षण नियमित रूप से कराया जाए, ताकि शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं की संभावना को रोका जा सके अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा के दृष्टिकोण से इस प्रकार के निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे तथा अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Tags
गाजियाबाद