पहले दिन 449 अभ्यर्थी हुए सफल, 106 दौड़ में असफल
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 के तहत 47वीं वाहिनी पीएसी, गाजियाबाद में सोमवार को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) का प्रथम दिवस शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। परीक्षा का आयोजन उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के पर्यवेक्षण अधिकारी एवं सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक विजय भूषण (पूर्व आईपीएस), अंशकालिक सदस्य के पर्यवेक्षण में कराया गया। इस दौरान डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन (आईपीएस) और उपसेनानायक बी.एस. वीर कुमार भी उपस्थित रहे।
प्रथम दिवस की परीक्षा के लिए कुल 565 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें 164 महिला अभ्यर्थी शामिल थीं। इनमें से नौ अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। उपस्थित अभ्यर्थियों में 449 ने शारीरिक दक्षता परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की, जबकि 106 अभ्यर्थी दौड़ में असफल घोषित किए गए। इसके अतिरिक्त एक महिला अभ्यर्थी को पैनल द्वारा आरक्षित दिवस पर परीक्षा में शामिल होने की अनुमति प्रदान की गई।
अभ्यर्थियों की दौड़ निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराई गई। पूरी परीक्षा प्रक्रिया वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और पर्यवेक्षण में पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित की गई।
परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की गई थीं, जिसके चलते परीक्षा बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुई।
इस अवसर पर सहायक सेनानायक श्रीमती अन्विता उपाध्याय, एसीपी धर्मेंद्र कुमार, सैन्य सहायक गोपाल सिंह, एसडीएम सदर, मेडिकल ऑफिसर तथा जनपदीय पुलिस और पीएसी के ड्यूटी में नामित सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि सभी कर्मचारियों और अधिकारियों ने अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए भर्ती परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
Tags
गाजियाबाद



