नमो भारत ने बनाया नया रिकॉर्ड

एक दिन में सवा लाख से अधिक यात्रियों ने की यात्रा


नई दिल्ली/गाजियाबाद।
दिल्ली-गाज़ियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर सोमवार, 8 जून को एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई, जब एक ही दिन में लगभग 1,25,500 यात्रियों ने यात्रा कर नया दैनिक राइडरशिप रिकॉर्ड स्थापित किया। यह अब तक कॉरिडोर पर दर्ज की गई सर्वाधिक यात्री संख्या है। सामान्य दिनों में औसतन लगभग एक लाख यात्री प्रतिदिन नमो भारत सेवाओं का उपयोग करते हैं।

एनसीआरटीसी के अनुसार, यात्रियों की यह बढ़ती संख्या इस बात का संकेत है कि एनसीआर में लोग अब तेज, समयबद्ध और विश्वसनीय सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दे रहे हैं। नमो भारत ट्रेनें अपनी लगभग 99 प्रतिशत समयबद्धता के कारण यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं। यात्रियों में रोजाना ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, छात्र और नियमित यात्री शामिल हैं, जो समय की बचत और जाम से राहत के कारण इस सेवा को प्राथमिकता दे रहे हैं। दिल्ली के सराय काले खाँ, न्यू अशोक नगर और आनंद विहार तथा उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद और बेगमपुल स्टेशन सबसे व्यस्त स्टेशनों में शामिल रहे, जो कुल राइडरशिप का 40 प्रतिशत से अधिक योगदान दे रहे हैं। मेरठ में इसी कॉरिडोर पर संचालित स्थानीय मेरठ मेट्रो सेवाओं ने शहर के भीतर आवागमन को और अधिक सुगम बना दिया है, जिससे यात्रियों को एक ही नेटवर्क पर क्षेत्रीय और स्थानीय दोनों प्रकार की सुविधाएं मिल रही हैं।

भीषण गर्मी के बीच पूरी तरह वातानुकूलित नमो भारत ट्रेनें यात्रियों को आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान कर रही हैं। साथ ही, यह सेवा निजी वाहनों की तुलना में अधिक किफायती और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प के रूप में भी उभर रही है।
बढ़ती मांग को देखते हुए एनसीआरटीसी ने पीक आवर्स में 18 अतिरिक्त ट्रिप्स शुरू किए हैं, जो सुबह 7:00 से 11:30 बजे और शाम 5:00 से 8:30 बजे तक सराय काले खाँ से मेरठ साउथ के बीच संचालित हो रही हैं। कुल मिलाकर, राइडरशिप में लगातार वृद्धि यह दर्शाती है कि नमो भारत अब एनसीआर के यात्रियों के दैनिक जीवन का एक महत्वपूर्ण और भरोसेमंद हिस्सा बन चुका है।


ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने