जीडीए का बुलडोजर अभियान जारी, अवैध प्लॉटिंग और निर्माण ध्वस्त

महरौली, सिद्धार्थ विहार में प्लॉटिंग, निर्माण और बिल्डर ऑफिस ध्वस्त


गाजियाबाद।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शहर में अवैध निर्माणों और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ सोमवार को व्यापक ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने महरौली क्षेत्र सहित कई स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध प्लॉटिंग, बाउंड्री वॉल और अन्य निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। जीडीए अधिकारियों के अनुसार, महरौली स्थित महागुन ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी के निकट लगभग 6600 वर्गगज भूमि पर अवैध रूप से प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। यहां मिट्टी भराई कर कच्ची सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग-9 (एनएच-9) से जोड़ने तथा सीवर लाइन बिछाने की तैयारी की जा रही थी। प्राधिकरण की अनुमति के बिना किए जा रहे इस कार्य के संबंध में पूर्व में नोटिस जारी किया गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
इसके अलावा प्रताप विहार सेक्टर-11 में जीडीए के निर्धारित सेटबैक नियमों का उल्लंघन कर किए गए निर्माण को भी बुलडोजर चलाकर हटाया गया। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित निर्माण बिना स्वीकृत मानचित्र और नियमानुसार अनुमति के किया गया था। अभियान के दौरान सिद्धार्थ विहार क्षेत्र में हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को भी निशाना बनाया गया। यहां की जा रही अनधिकृत प्लॉटिंग, बाउंड्री वॉल, बिल्डर कार्यालय तथा अन्य निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों और निर्माणकर्ताओं ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन जीडीए अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान शांतिपूर्वक जारी रहा। जीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। प्राधिकरण का उद्देश्य नियमानुसार शहरी विकास सुनिश्चित करना तथा अवैध निर्माण गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। अवैध निर्माणों पर जीडीए की लगातार कार्रवाई से निर्माण माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने