दहेज हत्या के मामले में पति, सास और ससुर गिरफ्तार


गाजियाबाद।
नंदग्राम थाना पुलिस ने दहेज हत्या के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बुलंदशहर जनपद के ग्राम उड़वल बनारस निवासी देवेंद्र ने सोमवार को नंदग्राम थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी 28 वर्षीय पुत्री नीतू का विवाह 10 दिसंबर 2025 को सुमित कुमार के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी और मांग पूरी न होने पर उनकी पुत्री को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर नीतू की हत्या कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए नंदग्राम पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों के घर पर दबिश दी और कार्रवाई के दौरान मृतका के पति सुमित गौतम, ससुर फेरू सिंह तथा सास अनीता को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी नंदग्राम थाना क्षेत्र स्थित अटौर गांव की रामनगर कॉलोनी के निवासी हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने ऊपर लगे आरोपों के संबंध में बयान दिए हैं। हालांकि उन्होंने कहा है कि वे अपना पक्ष न्यायालय में अपने अधिवक्ता के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या जैसे मामलों पर सख्त कार्रवाई के बीच नंदग्राम पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने