एनडीआरएफ गाजियाबाद में सहजयोग के ध्यान सत्र का आयोजन हुआ

तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य पर दिया गया जोर


गाजियाबाद।
8वीं बटालियन राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), गाजियाबाद में बुधवार को स्पिरिचुअल फाउंडेशन (सहजयोग) द्वारा विशेष ध्यान एवं आत्म-साक्षात्कार (सेल्फ-रियलाइजेशन) सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य एनडीआरएफ के पदाधिकारियों को मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन, आत्म-जागरूकता, सकारात्मक सोच तथा तनाव प्रबंधन के प्रभावी उपायों से अवगत कराना था, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक दक्षता और आत्मविश्वास के साथ कर सकें। 
कार्यक्रम में 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ के सेनानी सुदेश कुमार सहित सभी पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सत्र का संचालन स्पिरिचुअल फाउंडेशन (सहजयोग) के अध्यक्ष डॉ. आई.एस. बंसल, श्रीमती सुषमा त्यागी, श्रीमती मुन्नी अहिरवार तथा देवेंद्र कुमार ने किया। वक्ताओं ने सहजयोग की अवधारणा, इसके मूल सिद्धांतों और नियमित ध्यान अभ्यास से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ध्यान व्यक्ति की एकाग्रता और कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ मानसिक तनाव को कम कर आंतरिक शांति एवं सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। 
सत्र के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने ध्यान अभ्यास में सक्रिय भागीदारी की तथा अपने अनुभव भी साझा किए। कार्यक्रम के समापन पर सेनानी सुदेश कुमार ने स्पिरिचुअल फाउंडेशन (सहजयोग) के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एनडीआरएफ के जवान और अधिकारी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हैं। ऐसे में ध्यान एवं योग आधारित कार्यक्रम मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा कार्यक्षमता में सुधार लाने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक एवं जनोपयोगी कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। 
इस अवसर पर बताया गया कि 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ अपने पदाधिकारियों के समग्र विकास, मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन और तनाव प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर विभिन्न जागरूकता, स्वास्थ्य एवं प्रेरक कार्यक्रम आयोजित करती रहती है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने